
राजकुमार / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मॉडिफाइड एवं रेट्रो साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
सोमवार को कोतवाली बहादराबाद पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान लोहे का पुल, बहादराबाद पर पुलिस टीम ने UK08AR/4675 नंबर की एक बुलेट मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
जांच में पाया गया कि मोटरसाइकिल में अवैध रूप से मॉडिफाइड (रेट्रो) साइलेंसर लगाया गया था। पुलिस ने वाहन चालक आदित्य पुत्र राजकुमार सैनी, निवासी ग्राम रसूलपुर तेलीवाड़ा, थाना कलियर, जनपद हरिद्वार के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत चालान किया और वाहन को सीज कर दिया।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत (चौकी प्रभारी कस्बा), कांस्टेबल वीरेन्द्र चौहान, कांस्टेबल अवनेश राणा शामिल रहे।
