
राजकुमार / हरिद्वार / बहादराबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने पत्नी की ज़हर देकर हत्या करने के आरोपी अफजाल को गिरफ्तार कर सनसनीखेज़ हत्याकांड का खुलासा किया है। मु.अ.सं. 24/26 में वैज्ञानिक साक्ष्यों और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 फरवरी 2026 को ग्राम मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने इलाज के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं. 24/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने स्वयं विवेचना करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कराया तथा फील्ड यूनिट की सहायता से भौतिक साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया।
एफएसएल रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई थी। वैज्ञानिक साक्ष्यों और विवेचना में मिले तथ्यों के आधार पर आरोपी अफजाल की भूमिका स्पष्ट होने पर उसकी तलाश तेज कर दी गई।
27 जून 2026 को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र छोड़कर फरार होने की फिराक में है। इस पर बहादराबाद पुलिस ने बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से अफजाल पुत्र मुस्लिम (38 वर्ष), निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान था। इसी कारण उसने उसे जहरीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतारने की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, उपनिरीक्षक करम सिंह, कांस्टेबल अरुण चमोली एवं कांस्टेबल विकास थापा।
