
राजकुमार / हरिद्वार / रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को गंगनहर पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त व चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पनियाला स्थित मुर्गी फार्म के पास से अयान पुत्र जमील निवासी सिकरौदा, भगवानपुर (उम्र 18 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध 315 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी हथियार रखने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 233/25 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25/3 में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को उप निरीक्षक संजीव चौहान, अपर उप निरीक्षक मनीष कवि, हेड कांस्टेबल अशोक तिवारी और होमगार्ड सीक्यूएम महक सिंह की टीम ने अंजाम दिया।
