
राजकुमार / हरिद्वार / भगवानपुर। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत भगवानपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने 24 जून को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम सिकरोड़ा स्थित बड़ी मस्जिद धोबियों वाली गली से एक महिला को हिरासत में लिया गया।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 7.05 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा संख्या 257/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला सिकरोड़ा गांव की निवासी है और उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष बताई गई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान, कांस्टेबल राकेश प्रजापति और महिला कांस्टेबल अनुपमा शामिल रहे।
