
शिवराज यादव / हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन रिकवरी के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 104 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस सौंपा है। बरामद किए गए मोबाइल फोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुंदन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने विभिन्न तकनीकी माध्यमों और सीईआईआर पोर्टल की मदद से उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए।
बरामद मोबाइल फोनों में वीवो के 23, रेडमी के 18, ओप्पो के 13, सैमसंग के 11, रियलमी के 9, वनप्लस के 6, एप्पल के 4, आईक्यू के 3, मोटो, टेक्नो, पोको, नार्जो और आईटेल के 2-2 तथा अन्य कंपनियों के 7 मोबाइल फोन शामिल हैं। ये मोबाइल उत्तराखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, गुजरात, सिक्किम, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों से रिकवर किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोनों में से कई के स्वामी हरिद्वार पहुंचकर अपने फोन प्राप्त कर चुके हैं, जबकि 37 मोबाइल ऐसे लोगों के हैं जो अन्य राज्यों में रहते हैं और दूरी अधिक होने के कारण हरिद्वार नहीं आ सके। ऐसे सभी मोबाइल फोन उनके स्वामियों तक कोरियर सेवा के माध्यम से भेजे जाएंगे।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने हरिद्वार पुलिस की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन खो जाए तो वह तत्काल इसकी सूचना संबंधित थाने अथवा सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से मोबाइल की बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है। इस अभियान में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राण, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गोपाल भट्ट, उपनिरीक्षक नवीन चौहान, नवीन नेगी, संजीत कंडारी, कांस्टेबल राकेश और कांस्टेबल निर्मल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल लोगों को उनका कीमती सामान वापस मिला है, बल्कि पुलिस के प्रति उनका भरोसा भी और मजबूत हुआ है।
