
राजकुमार / हरिद्वार। बढ़ती गर्मी और आग लगने की संभावित घटनाओं को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने जनपदभर में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सभी थाना प्रभारियों और अग्निशमन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश दिए हैं।
एसएसपी के निर्देशानुसार जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों, शॉपिंग मॉल, होटल, अस्पताल, विद्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का पुनर्मूल्यांकन किया जाएगा। इस दौरान फायर उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की स्थिति और अग्निशमन मानकों के अनुपालन की जांच की जाएगी।
इसके अलावा फायर सेफ्टी ऑडिट में पाई गई कमियों को तत्काल दूर कराने और संस्थानों के संचालकों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस और अग्निशमन विभाग संयुक्त रूप से निरीक्षण अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोपरि है और फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि गर्मी के मौसम में विद्युत उपकरणों, गैस सिलेंडरों और अन्य ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आगजनी की घटना या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस अथवा अग्निशमन विभाग को दें।
