
राजकुमार / हरिद्वार / बहादराबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने मारपीट और जानलेवा हमले के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सहदेवपुर, थाना पथरी निवासी विकास कुमार पुत्र रमेश चंद ने 18 मई 2026 को कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 अप्रैल 2026 को प्रतिवादीगण द्वारा उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस घटना में विनय नामक युवक को गंभीर चोटें आई थीं। शिकायत के आधार पर बहादराबाद थाने में मुकदमा संख्या 88/26 दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विकास रावत द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट, चिकित्सकों के बयान और अन्य साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) और 117(2) की बढ़ोतरी की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में गंभीर चोटें पहुंचाने और जानलेवा हमला किए जाने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए गए।
प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसके साथ ही घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस ने 10 जून 2026 को वांछित आरोपी राहुल कुमार पुत्र फूलचंद निवासी रविदास मंदिर के पास, ग्राम बहादराबाद, कोतवाली बहादराबाद, जिला हरिद्वार के घर पर दबिश दी गयी तो आरोपित घर पर मौजूद मिला, जिसे विवेचक द्वारा नियमानुसार हिरासत में लिया गया अग्रिम वैधानिक कार्यवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत और कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी शामिल रहे।
