
राजकुमार / पुलिस / हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगातार दबिश और संभावित ठिकानों पर तलाश अभियान चलाने के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के मास्टरमाइंड बताए जा रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को ग्राम डांडी इब्राहिमपुर निवासी विनोद शर्मा ने थाना पथरी पहुंचकर तहरीर दी थी कि कुछ लोगों ने उन पर और उनके परिजनों पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना पथरी में मुकदमा अपराध संख्या 285/26 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिशें शुरू कीं। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस ने झगड़े के मुख्य आरोपी गुरुदेव सिंह पुत्र मुख्तयार सिंह निवासी ग्राम दिनारपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गुरुदेव सिंह पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड है।
पंजीकृत मुकदमे में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(2), 191(3), 115(2), 351(2), 352 और 109 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में करीब आधा दर्जन अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बबलू चौहान, कांस्टेबल नारायण सिंह एवं कांस्टेबल राकेश नेगी शामिल रहे।
