शिवराज यादव / हरिद्वार / रुड़की। रुड़की के ढंडेरी ख्वाजगीपुर स्थित अनमोल जीवन समिति नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 15 वर्षीय नाबालिग को संरक्षण में लिया है। मृतक की पहचान आशीष के रूप में हुई थी, जिसका शव केंद्र के अंदर गंभीर चोटों के साथ मिला था। पुलिस के अनुसार 13 मई 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही कोतवाली रुड़की प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला तथा शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट टीम को जांच के लिए बुलाया गया। एसपी ग्रामीण एवं सीओ रुड़की ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
जांच और नशा मुक्ति केंद्र में रह रहे अन्य लोगों से पूछताछ के दौरान सामने आया कि मृतक की हत्या उसी केंद्र में रह रहे 15 वर्षीय नाबालिग ने की थी। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि मृतक अक्सर उसके साथ गाली-गलौज करता था और मारपीट की धमकी देता था। इसी विवाद के चलते उसने स्टील के नुकीले टुकड़े से हमला कर आशीष की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को नियमानुसार संरक्षण में लेकर उसके खिलाफ कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा नवीन गौतम निवासी बसेड़ी खादर, कोतवाली लक्सर की तहरीर के आधार पर मु.अ.सं. 202/2026 धारा 103/3(5) के तहत पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्टील का नुकीला टुकड़ा, एक मफलर तथा नाबालिग के कपड़े बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। घटना के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र राठी, उपनिरीक्षक नवीन चौहान, अपर उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह राठी, हेड कांस्टेबल दिनेश गुप्ता, हेड कांस्टेबल नूर मलिक तथा कांस्टेबल लईक अहमद शामिल रहे।
amritganganews.com@gmail.com
