
शिवराज यादव / हरिद्वार। धर्म की आड़ में लोगों की आस्था और भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर ठगी करने वाले कथित ढोंगी बाबाओं के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना कनखल पुलिस ने साधु-संतों का भेष धारण कर लोगों को भ्रमित करने वाले 07 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिले भर में ऐसे छद्म भेषधारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, जो साधु-संत बनकर विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को उनकी व्यक्तिगत तथा घरेलू समस्याओं के समाधान का झांसा देकर ठगी करते हैं।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक थाना कनखल के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान साधु-संतों के वेश में घूम रहे 07 संदिग्ध व्यक्तियों को धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि देवभूमि की धार्मिक गरिमा बनाए रखने और श्रद्धालुओं को ठगी से बचाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों के नाम
मुकेश कुमार पुत्र विशम्बर, निवासी मुबारिकपुर, जिला मुजफ्फरनगर
शंकर भट्टाचार्य पुत्र मनोरंजन भट्टाचार्य, निवासी कोलकाता, पश्चिम बंगाल
धरम सिंह पुत्र शेर सिंह, निवासी आयकोट, पिथौरागढ़
फमीलाल साहनी पुत्र मानिक लाल, निवासी रामपुर लालपुर, बिहार
निधि गौतम पुत्र काशीनाथ गौतम, निवासी उदालगुड़ी, असम
नाथीराम पुत्र हीरालाल, उम्र 81 वर्ष, लोधामंडी औद्योगिक क्षेत्र, हरिद्वार
रामबहादुर पुत्र किशन बहादुर, निवासी बालाजी वार्ड, काठमांडू, नेपाल
