
शिवराज यादव / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर ज़ीरो टॉलरेंस निर्देशों के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने महिला से झपट्टा मारकर कुंडल लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटे गए कुंडल भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 27 मार्च 2026 को रोशनाबाद निवासी महिला की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ थाना सिडकुल में मुकदमा संख्या 118/2026 दर्ज किया गया था। आरोपी ने महिला के कानों से सोने के कुंडल झपट्टा मारकर छीन लिए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
थाना सिडकुल पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों का गहन अध्ययन किया और लगातार सुरागरसी करते हुए संदिग्धों पर नजर रखी। इसी क्रम में 1 अप्रैल 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नसीम मलिक (32 वर्ष) पुत्र मुंशरीफ उर्फ निन्हा, निवासी ग्राम गोविंदपुर दादूपुर, थाना रानीपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी दो शादियां हो चुकी हैं, जिसके चलते उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई थी। इसी आर्थिक तंगी के कारण उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UK08BE-1668) और महिला के पीली धातु के कुंडल बरामद किए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नितेश शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह तोमर, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र मंमगाई, हे.का. देशराज, हे.का. प्रेमसिंह, हे.का. जितेन्द्र मलिक, का. गजेन्द्र प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
