
शिवराज यादव / हरिद्वार / बहादराबाद। बहादराबाद क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने नवसृजित फायर स्टेशन बहादराबाद का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ उद्घाटन किया। इस मौके पर एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद एसएसपी ने फायर स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया और तैनात स्टाफ को निर्देश दिए कि वे आगजनी की घटनाओं में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आमजन की सहायता के लिए हर समय तैयार रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी अग्निकांड में क्विक रिस्पांस सबसे अहम होता है, जिससे जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।
नए फायर स्टेशन के शुरू होने से बहादराबाद क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं पर तेजी से काबू पाया जा सकेगा। साथ ही फायर स्टेशन मायापुर और सिड़कुल पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा, जिससे पूरे क्षेत्र की आपात सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी।
कार्यक्रम के समापन पर हरिद्वार पुलिस द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
