
शिवराज यादव / हरिद्वार / श्यामपुर। आगामी चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस सतर्क हो गई है। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर थाना श्यामपुर पुलिस द्वारा चुनाव के दृष्टिगत आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में श्यामपुर थाना क्षेत्र के सभी लाइसेंसी शस्त्र धारकों को निर्धारित समयावधि में अपने शस्त्र संबंधित थाने अथवा निर्धारित स्थान पर जमा कराने के लिए नोटिस तामील कराए गए हैं।
पुलिस ने शस्त्र धारकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने लाइसेंसी शस्त्र जमा कराना सुनिश्चित करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके। साथ ही सभी शस्त्र धारकों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। श्यामपुर पुलिस द्वारा आगामी चुनाव को देखते हुए क्षेत्र में लगातार सतर्कता एवं निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
