
शिवराज यादव / हरिद्वार। ब्रह्मपुरी क्षेत्र में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 2 नवंबर 2026 को बिल्केश्वर तिराहे से हिरासत में लिया। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को ब्रह्मपुरी निवासी करन चौहान ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ व्यक्तियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए सुरागरसी-पतारसी की और 2 नवंबर को मुकदमे में वांछित दो आरोपियों सत्यम झा पुत्र श्यामसुन्दर, निवासी मिश्रा गली, ब्रह्मपुरी, हरिद्वार (23 वर्ष) तथा शिवम उर्फ काली उर्फ गुमित पुत्र कालू, निवासी गुजराती गली, ब्रह्मपुरी, हरिद्वार (23 वर्ष) को बिल्केश्वर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, कांस्टेबल हसलवीर सिंह, कांस्टेबल अजय पंवार और कांस्टेबल जीवन तिवाड़ी शामिल रहे।
