
शिवराज यादव / हरिद्वार। मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उसके परिजनों से सकुशल मिलाकर सराहनीय कार्य किया है। महिला के परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की प्रशंसा की।
जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 को ज्वालापुर क्षेत्र के दुर्गा चौक के पास एक वृद्ध महिला के अकेले बैठे होने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ की। महिला ने अपना नाम सोमी पत्नी अतर सिंह बताया, लेकिन वह अपना पूरा पता बताने में असमर्थ थी।
इसके बाद महिला कांस्टेबल की सहायता से बुजुर्ग महिला को कोतवाली ज्वालापुर लाया गया, जहां उसकी देखभाल के साथ पहचान और परिजनों का पता लगाने का प्रयास शुरू किया गया। पुलिस ने कंट्रोल रूम, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य माध्यमों से महिला के संबंध में जानकारी प्रसारित की, लेकिन प्रारंभिक प्रयासों में कोई सफलता नहीं मिली।
लगातार प्रयासों के बीच रविवार 14 जून को अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा ने महिला से दोबारा विस्तार से बातचीत की। इस दौरान महिला ने अपने मायके का पता ग्राम बजीरपुर, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। इस महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर एएसआई प्रताप दत्त शर्मा ने तत्काल थाना गंगोह से संपर्क किया और ग्राम प्रधान बजीरपुर का मोबाइल नंबर प्राप्त किया।
ग्राम प्रधान से बातचीत के बाद महिला के भतीजे का संपर्क नंबर मिला। पुलिस ने जब परिजनों से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि महिला घर से अपनी बहन के यहां जाने की बात कहकर निकली थी। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि वह हरिद्वार पहुंच गई हैं। सूचना मिलने पर परिजन हरिद्वार पहुंचे और महिला की पहचान की।
पुलिस ने बुजुर्ग महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने महिला को सुरक्षित पाकर राहत की सांस ली और हरिद्वार पुलिस के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा, महिला कांस्टेबल सुल्ताना तथा महिला होमगार्ड सायरा बानो शामिल रही।
