
शिवराज यादव / हरिद्वार / श्यामपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 07.110 किलोग्राम अवैध भांग पत्ती (गांजा) बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 26 मई 2026 को कोतवाली श्यामपुर पुलिस टीम ने नहर पटरी चंडीघाट के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन चालक से सीट के पास रखे प्लास्टिक के कट्टे के बारे में पूछताछ की गई तो उसके हावभाव संदिग्ध लगे। पुलिस द्वारा कट्टे की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में भांग पत्ती (गांजा) बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अतिरिक्त पैसे कमाने के लिए गांजा बेचने का काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मोहम्मद आकिल उर्फ शान बाबा पुत्र शबीर निवासी मोहल्ला खग्गू सराय, लदनियो वाली मस्जिद के पास, कोतवाली सम्भल, जनपद सम्भल उत्तर प्रदेश, उम्र 55 वर्ष के रूप में हुई है।
इस संबंध में कोतवाली श्यामपुर में मु.अ.सं.-60/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संतोष सेमवाल प्रभारी चौकी चंडीघाट, कांस्टेबल अनिल रावत एवं कांस्टेबल राजवीर सिंह शामिल रहे।
