
राजकुमार / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15.37 ग्राम अवैध स्मैक और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 मई 2026 को टिबड़ी रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों युवक घबरा गए और बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।तलाशी में आरोपी आजाद पुत्र इकबाल निवासी घिस्सुपुरा थाना पथरी से 7.20 ग्राम तथा शौकीन पुत्र जामिन निवासी घिस्सुपुरा थाना पथरी से 8.17 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने नशे की खेप उपलब्ध कराने वाले सप्लायर के बारे में भी जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु.अ.सं.-256/2026 धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ऋषिकान्त पटवाल, अपर उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल रमेश सिंह शामिल रहे।
