
शिवराज यादव / हरिद्वार। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में हरिद्वार पुलिस की ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत रुड़की पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
30 मार्च 2026 को मोहम्मद इरफान पुत्र मोहम्मद हसन निवासी ग्राम जबरदस्तपुर, कोतवाली रुड़की ने अपनी पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु को लेकर पुलिस को तहरीर दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विवाह के बाद से ही उसकी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते उसकी पुत्री की मृत्यु हो गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली रुड़की पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 101/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी द्वारा की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर लंढौरा चौक क्षेत्र से आरोपी अबू बकर पुत्र ताहिर निवासी ग्राम गढ़ी सांगीपुर थाना लक्सर, हाल निवासी ग्राम जोरासी जबरदस्तपुर, कोतवाली रुड़की को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है तथा उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी, उपनिरीक्षक चंद्र मोहन सिंह, कांस्टेबल विकास त्यागी और कांस्टेबल रणबीर शामिल रहे।
