
शिवराज यादव / हरिद्वार / लक्सर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में आपराधिक गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत लक्सर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से .315 बोर का अवैध देशी तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा जनपद में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को नियमित रूप से क्षेत्र में पुलिस टीमों को रवाना कर सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कोतवाली लक्सर पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान 08 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे शशिकांत और मिलन को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों व्यक्ति थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। लक्सर पुलिस टीम की सतर्कता और प्रभावी चेकिंग के चलते दोनों को समय रहते दबोच लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली लक्सर में मुकदमा संख्या 899/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शशिकांत पुत्र अजबसिंह निवासी सेठपुर, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार और मिलन पुत्र मंदीप निवासी बहादरपुर जट, थाना पथरी, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, पांच जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक समीम पाण्डेय, कांस्टेबल अनिल वर्मा, कांस्टेबल मनोज शर्मा और होमगार्ड महावीर शामिल रहे।
