
शिवराज यादव / हरिद्वार। शुक्रवार परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पुलिस लाइन परेड मैदान पहुंचकर परेड का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण ले रहे नए रिक्रूट जवानों के साथ दौड़ लगाकर उन्हें फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया। इस दौरान जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
एसएसपी ने कहा कि परेड पुलिस फोर्स के अनुशासन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो प्रत्येक पुलिसकर्मी के लिए आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों के बीच पहुंचकर उनकी ट्रेनिंग का जायजा लिया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने सभी अधिकारियों और प्रशिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी जवानों को “बेस्ट कैडेट” बनाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए, जिसके लिए हर प्रशिक्षक और पुलिस अधिकारी को अपना योगदान देना होगा।
एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि प्रतिदिन परेड का भौतिक निरीक्षण जनपद के अलग-अलग पुलिस राजपत्रित अधिकारियों द्वारा किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण और अनुशासन की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।
परेड समाप्ति के बाद एसएसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं मोटर परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान जनपद को आवंटित नए बोलेरो वाहन की विधिवत पूजा-अर्चना की गई और उसे राजकीय कार्यों के लिए रवाना किया गया।
