
शिवराज यादव / हरिद्वार / भगवानपुर। वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और बिना वैध दस्तावेजों के वाहनों की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने के उद्देश्य से भगवानपुर पुलिस ने ग्राम खेलपुर में व्यापक सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 200 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 13 संदिग्ध वाहनों को पुलिस ने मौके पर जब्त कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने शुक्रवार सुबह गांव की गली-मोहल्लों और मुख्य रास्तों पर टीम बनाकर अभियान चलाया। पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट और संदिग्ध वाहनों के घूमने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहनों के दस्तावेज, नंबर प्लेट और मालिकाना हक की जांच की। जिन 13 वाहनों के दस्तावेज अधूरे पाए गए अथवा मालिकाना हक की पुष्टि नहीं हो सकी, उन्हें जब्त कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
अभियान के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए अपील की कि सेकेंड हैंड वाहन खरीदने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेजों की सही तरीके से जांच अवश्य करें। साथ ही बिना नंबर प्लेट अथवा अधूरे कागजात वाले वाहन सड़कों पर न चलाएं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि गांव और आसपास के क्षेत्रों को अपराधमुक्त एवं सुरक्षित बनाना है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम बताया।
