
शिवराज यादव / हरिद्वार / रुड़की। दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रुड़की पुलिस ने मुख्य बाजार क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी रुड़की के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सिविल लाइन रुड़की के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की।
चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चार बाइक सवारों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान कर 2,000 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया। वहीं पटाखों जैसी तेज आवाज निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिल को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत छह व्यक्तियों के चालान कर 1,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 10 व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 3,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला।
अभियान में उप निरीक्षक सुभाष जखमोला, अपर उप निरीक्षक बलविंदर सिंह, कांस्टेबल सुरेश एवं होमगार्ड राहुल ठाकुर शामिल रहे।
