
शिवराज यादव / हरिद्वार / सिडकुल। सिडकुल क्षेत्र में सड़क पर सरेआम हुड़दंग और मारपीट कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले चार व्यक्तियों के खिलाफ सिडकुल पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई अमल में लाई।
जानकारी के अनुसार, 04 सितंबर 2026 को सिडकुल क्षेत्र में कुछ व्यक्ति सड़क पर सरेआम हो-हल्ला और हुड़दंग करते हुए आपस में मारपीट कर रहे थे। उनके इस कृत्य से सड़क पर आने-जाने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था और मौके पर आमजन में रोष की स्थिति बन रही थी।
सूचना मिलने पर थाना सिडकुल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपितों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस की समझाइश के बावजूद आरोपितों ने हुड़दंग जारी रखा। स्थिति को देखते हुए आमजन की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा चारों व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएस के तहत हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान विकास कुमार (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय प्रमोद सिंह निवासी चांदपुर शहदा, थाना बिदरपुर, जिला वैशाली, बिहार; कर्मराज (32 वर्ष) पुत्र हृदय राम यादव निवासी ग्राम रामनगर कोर्ट, जिला सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश; राहुल साहनी (29 वर्ष) पुत्र धर्मेंद्र साहनी निवासी ग्राम माधवपुर मोहदत वोडिया, थाना सराय, जिला वैशाली, बिहार तथा भूषण राय (33 वर्ष) पुत्र लक्ष्मी राय निवासी ग्राम इनायतपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान, कांस्टेबल जितेंद्र और कांस्टेबल रोहित शामिल रहे।
