
राजकुमार / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर कोतवाली पुलिस ने सप्तऋषि क्षेत्र में झगड़ा कर रहे पांच युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में नगर कोतवाली पुलिस टीम सप्तऋषि क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जयराम आश्रम के सामने दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति बनी हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्ष डंडे से मारने और एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी देते हुए झगड़े पर आमादा मिले।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं मानने और संज्ञेय अपराध की प्रबल संभावना को देखते हुए पांचों युवकों को बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि सभी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान गौरव जोशी (19), अनिराज (19), हर्ष ठाकुर (22), राकेश (26) और दिनेश (23) के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, उपनिरीक्षक खेमेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप पंवार, हेड कांस्टेबल गुलशन नेगी तथा कांस्टेबल श्रीकांत ग्वाड़ी शामिल रहे।
