
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन लगाम” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हरकी पैड़ी क्षेत्र में 20 भिक्षुकों के विरुद्ध भिक्षुक अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किए हैं।
गुरुवार को कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक कुंदन राणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने घाटों पर अभियान चलाया। इस दौरान ऐसे भिक्षुकों को चिन्हित किया गया जो यात्रियों से जबरदस्ती भीख मांग रहे थे और बदसलूकी कर रहे थे। पुलिस ने सभी 20 भिक्षुकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान तीर्थस्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन राणा, उपनिरीक्षक गोपाल भट्ट, संजीत कंडारी, राधाकृष्ण रतूड़ी, कांस्टेबल मान सिंह, भूपेंद्र गिरी, शिवशंकर, नितिन रावत और सतेंद्र शामिल रहे।
