
राजकुमार / हरिद्वार / रानीपुर। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में आरोपी युवक को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 को लेबर कॉलोनी सेक्टर-02 बीएचईएल रानीपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना कोतवाली रानीपुर में दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बालिका की तलाश शुरू की और विभिन्न सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि अंकुश पुत्र रमेश निवासी लेबर कॉलोनी सेक्टर-02 बीएचईएल रानीपुर बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ लुधियाना, पंजाब ले गया है।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 28 मई 2026 को आरोपी अंकुश को लुधियाना के पंजाब माता मंदिर क्षेत्र स्थित किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 19 मई को बालिका को अपने साथ लुधियाना ले गया था, जहां उसने बालिका से विवाह कर लिया और दोनों किराये के मकान में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे।
पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कराने के साथ मेडिकल परीक्षण कराया है। इसके बाद आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक सोनिया, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल विमल नेगी, महिला होमगार्ड लक्ष्मी शामिल रहे।
