
शिवराज यादव / हरिद्वार / पिरान कलियर। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत ग्राम रसूलपुर में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपितों को चोरी की संपत्ति और नगदी के साथ हिरासत में लिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को प्रदीप कुमार पुत्र हुकम सिंह निवासी रसूलपुर तेल्लीवाला ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर के दरवाजे का कुंडा तोड़कर कमरे में रखी अलमारी से करीब दो लाख रुपये नगद तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर कोतवाली पिरान कलियर में मु0अ0सं0 184/26, धारा संबंधित अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 अगस्त 2026 को मुकदमा संख्या 184/26 में वांछित आरोपित अभय सैनी पुत्र अनिल कुमार निवासी डाडा पट्टी, थाना भगवानपुर, जिला हरिद्वार और आदित्य सैनी उर्फ आदि पुत्र राजकुमार सैनी निवासी रसूलपुर तेलीबाला, थाना कलियर, जनपद हरिद्वार को हद्वीपुर गांव से चोरी की संपत्ति के साथ हिरासत में लिया। आरोपितों के कब्जे से दो पचागले, छह जोड़ी बिछुए, 21 सिक्के और चार कंगन, सभी सफेद धातु के, तथा एक लाख रुपये की नगदी बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, एक सह-आरोपित के खिलाफ थाना फतेहपुर सहारनपुर और थाना भगवानपुर में चार आपराधिक अभियोग दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार और हेड कांस्टेबल इसरार अली शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
