
हरिद्वार / झबरेड़ा। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार वांछित आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली झबरेड़ा पुलिस ने जान से मारने की नीयत से घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में दो नामजद वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक सरिये की रॉड और एक लाठी-डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को ग्राम खजूरी निवासी सुमित पुत्र सुभाष ने कोतवाली झबरेड़ा में तहरीर देकर बताया था कि उनके चाचा मंगता के साथ इरफान सहित सात लोगों ने घर में घुसकर पलकटी, लाठी-डंडों और सरिये से जान से मारने की नीयत से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी।
ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर तथा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुकदमे में नामजद नौशाद पुत्र इरफान और मुनीर पुत्र आबाद, निवासी ग्राम खजूरी, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक सरिये की रॉड और एक लाठी-डंडा भी बरामद किया है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार, अपर उपनिरीक्षक मनोज कुमार और कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह पुलिस टीम में शामिल रहे।
