
शिवराज यादव / हरिद्वार / सिडकुल। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सिडकुल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को चोरी की छह मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मिलकर सिडकुल, रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पॉलिटेक्निक कॉलेज से आगे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को किरबी चौक पर सिडकुल पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रोशनाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने की कोशिश की। इस दौरान बाइक का टायर फिसलने से दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। पुलिस टीम ने तत्काल दोनों को पकड़ लिया। मोटरसाइकिल के इंजन नंबर, चेसिस नंबर और पंजीकरण की जांच करने पर पता चला कि वह थाना सिडकुल में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ नहीं, बल्कि आपस में मिलकर विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पॉलिटेक्निक कॉलेज से आगे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार पुलिस ने कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में तीन मोटरसाइकिलें सिडकुल, दो रानीपुर और एक बहादराबाद क्षेत्र में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा की बढ़ोतरी की गई। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर पुत्र धीरज पाल निवासी काला गेट, ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार तथा कार्तिक पुत्र संजय सिंह निवासी हरचंदपुर, थाना नागल सोती, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गली नंबर एक, रामधाम कॉलोनी, अंबेडकर चौक, थाना सिडकुल, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक अनिल सैनी, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, कांस्टेबल गजेंद्र प्रसाद, कांस्टेबल कुलदीप डिमरी और कांस्टेबल कुलदीप शामिल रहे।
