
शिवराज यादव / हरिद्वार / पिरान कलियर। नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस की ओर से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने एक आरोपी को 36.79 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में मादक पदार्थों और नशा तस्करों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 30 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने एनआईसी तिराहा से करीब 50 मीटर दूर रतमऊ नदी पुल, धनौरी-कलियर के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अंकुश कुमार पुत्र धीर सिंह, हाल निवासी केयर हॉस्पिटल भगवानपुर, थाना भगवानपुर, जिला हरिद्वार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 36.79 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कलियर और आसपास के क्षेत्र से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में स्मैक लाकर एकत्र करता था और उसे मुनाफे में बेचकर अपना खर्च चलाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम में कमल मोहन भंडारी, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली पिरान कलियर, उपनिरीक्षक मुनव्वर हुसैन, हेड कांस्टेबल इसरार अली, हेड कांस्टेबल माजिद खान, कांस्टेबल विकास त्यागी, कांस्टेबल कैलाश राम शामिल रहे।
