
राजकुमार / हरिद्वार / मंगलौर। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के ग्राम टिकोला रजवाहे में मिले अज्ञात शव के मामले का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए दो नामजद हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, मृतक कपिल और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे तथा उनके बीच पैसों का लेनदेन भी चलता था। शराब के नशे में पैसों के लेनदेन और शराब पीते समय वीडियो बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने कपिल की हत्या कर दी थी।
दिनांक 23 अगस्त 2026 को कोतवाली मंगलौर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम टिकोला रजवाहे पर एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मंगलौर भगवान महर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नियमानुसार कब्जे में लेकर घटनास्थल के भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए। फील्ड यूनिट द्वारा भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए। जांच के दौरान मृतक की पहचान कपिल पुत्र मेघपाल, निवासी ग्राम टिकोला, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।
मृतक के भाई अमित कुमार की तहरीर के आधार पर कोतवाली मंगलौर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत रितिक तथा उसके एक अन्य साथी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। अभियोग पंजीकृत होने के बाद एसएसपी हरिद्वार द्वारा मामले से संबंधित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया। निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली मंगलौर पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुराग जुटाए तथा मैनुअल इनपुट और स्थानीय मुखबिरों से जानकारी प्राप्त की। जांच के दौरान मुकदमे में नामजद आरोपियों की संलिप्तता प्रथम दृष्टया सही पाई गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक कपिल और आरोपी रितिक पंवार व दीपक पंवार आपस में दोस्त थे तथा उनके बीच पैसों का लेनदेन भी था। कपिल ने रितिक और दीपक से करीब 15 हजार रुपये उधार लिए थे तथा 700 रुपये के कपड़े भी खरीदे थे। पुलिस जांच के मुताबिक घटना वाले दिन दोनों आरोपियों ने योजना के तहत कपिल को टिकोला पुलिया पर बुलाया, जहां तीनों ने शराब पी। शराब पीने के दौरान कपिल ने अपना मोबाइल फोन निकालकर रितिक और दीपक की वीडियो बनाने की बात कही। इस बात को लेकर दोनों आरोपी नाराज हो गए और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी विवाद के चलते दोनों ने कपिल की हत्या कर दी। इसके बाद शव को रजवाहे में डाल दिया और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
घटना की जांच में जुटी पुलिस टीम ने 27 अगस्त 2026 को मुकदमे में नामजद दोनों आरोपियों रितिक पंवार पुत्र धीर सिंह, निवासी ग्राम जटौली तैय्यबपुर बड़ा, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश तथा दीपक पंवार पुत्र सुरेश, निवासी ग्राम जटौली तैय्यबपुर बड़ा, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक कमलकान्त रतूड़ी, कांस्टेबल रणवीर, कांस्टेबल सुधीर, कांस्टेबल पंकज, कांस्टेबल केडी राणा, कांस्टेबल मौ. आमिर तथा कांस्टेबल चालक लाल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
