
राजकुमार / हरिद्वार। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देव भूमि इंटरनेशनल स्कूल की नन्ही छात्राओं ने एसएसपी कैंप ऑफिस पहुंचकर एसएसपी नवनीत सिंह को रक्षासूत्र बांधा और उनसे रक्षा का वचन लिया। छात्राओं ने चंदन का तिलक लगाकर एसएसपी की कलाई पर राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनसे उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए करियर को लेकर अपने अनुभव साझा किए और लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
एसएसपी ने छात्राओं को सोशल मीडिया के नियंत्रित एवं सकारात्मक इस्तेमाल की सलाह देते हुए कहा कि पढ़ाई और करियर पर ध्यान केंद्रित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा समय बिताने और अनजान लोगों से अत्यधिक नजदीकी को नुकसानदायक बताते हुए छात्राओं को सतर्क रहने की सलाह दी।
इसके बाद ब्रह्माकुमारी बहनों ने भी एसएसपी नवनीत सिंह से भेंट की और उनकी कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान रक्षाबंधन के पर्व की आत्मीयता और भाई-बहन के स्नेह का भाव देखने को मिला।
