
शिवराज यादव / हरिद्वार / रुड़की। रुड़की कोतवाली पुलिस ने जमीन बेचने के नाम पर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी और फर्जी बैनामा तैयार करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी कल्याण सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ग्राम जसवावाला निवासी देशराज पुत्र फूल सिंह ने 3 जुलाई 2026 को कोतवाली रुड़की में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ग्राम सैदपुरा निवासी अनुज कुमार पुत्र कल्याण सिंह और कल्याण सिंह पुत्र सावल दास ने जमीन बेचने के नाम पर उससे 12 लाख रुपये ले लिए और उसके पक्ष में फर्जी एवं जाली बैनामा तैयार किया। तहरीर के आधार पर कोतवाली रुड़की में मु.अ.सं. 285/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के दिशा-निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की ने पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले में वांछित अनुज कुमार को पुलिस ने 17 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी क्रम में 5 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने मुकदमे में वांछित दूसरे आरोपी कल्याण सिंह पुत्र सावल दास निवासी ग्राम सैदपुरा, थाना मंगलौर, तहसील रुड़की, जनपद हरिद्वार को जेल के सामने से हिरासत में लिया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, कांस्टेबल लईक अहमद और होमगार्ड कपिल कुमार शामिल रहे।
