
शिवराज यादव / हरिद्वार / झबरेड़ा। महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने झबरेड़ा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए महिला को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी पर महिला का अश्लील वीडियो बनाने, उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और कई बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को थाना झबरेड़ा क्षेत्र निवासी एक महिला ने सचिन नामक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने नहाते समय उसका अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। साथ ही, धमकी देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला की शिकायत के आधार पर थाना झबरेड़ा में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष झबरेड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मामले में नामजद आरोपी सचिन पुत्र राकेश, निवासी ग्राम भगतोवाली, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार को हिरासत में लिया। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक प्रीति तोमर, हेड कांस्टेबल विकास कुमार, कांस्टेबल मुकेश तोमर और महिला कांस्टेबल रीना शामिल रहे।
