
शिवराज यादव / हरिद्वार / लक्सर। कोतवाली लक्सर पुलिस ने मारपीट कर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रितिक पुत्र शरणवीर सिंह निवासी बहादरपुर खादर, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को सुमित कुमार पुत्र महिपाल निवासी अकोढ़ा कलां, कोतवाली लक्सर ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि बहादरपुर निवासी रितिक ने अपने साथी के साथ मिलकर उनके भाई राकेश के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर हुई इस गंभीर घटना को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लक्सर को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहे थे।
पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी के आधार पर 11 अक्टूबर 2026 को आरोपी रितिक को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय और कांस्टेबल मनोज शर्मा शामिल रहे।
