
शिवराज यादव / हरिद्वार। नगर आयुक्त नंदन कुमार (आईएएस) के निर्देशों के क्रम में नगर निगम हरिद्वार द्वारा शहर में बढ़ती बंदरों की समस्या के समाधान हेतु बंदर पकड़ो अभियान एक बार पुनः प्रारंभ कर दिया गया है। अभियान के तहत गुरुवार को कनखल क्षेत्र में विशेष कार्रवाई करते हुए नगर निगम द्वारा अनुबंधित एजेंसी के माध्यम से 30 से अधिक बंदरों को पकड़ा गया।
ज्ञातव्य है कि पिछले वर्ष नगर निगम हरिद्वार द्वारा संचालित बंदर पकड़ो अभियान के अंतर्गत 400 से अधिक बंदरों को पकड़ा गया था, जिससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बंदरों के आतंक से आमजन को काफी राहत मिली थी। इसके बावजूद हाल के दिनों में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निवासियों तथा विभिन्न वार्डों के नागरिकों द्वारा पुनः बंदरों की संख्या बढ़ने एवं उनके द्वारा लोगों को परेशान किए जाने संबंधी शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं।
प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त नंदन कुमार द्वारा तत्काल प्रभाव से अभियान को पुनः संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में कनखल क्षेत्र को प्राथमिकता पर लेते हुए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बंदरों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की गई।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बंदरों द्वारा राहगीरों, महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को परेशान करने, घरों में घुसकर खाद्य सामग्री नुकसान पहुंचाने तथा धार्मिक स्थलों एवं आवासीय क्षेत्रों में उत्पात मचाने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। इन समस्याओं के समाधान के लिए आगामी दिनों में शहर के अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी अभियान चलाया जाएगा।
आज संचालित अभियान के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर तथा बंदर पकड़ने वाली अनुबंधित एजेंसी के सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा तथा बंदरों की समस्या वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
नगर निगम हरिद्वार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बंदरों को खाद्य सामग्री उपलब्ध न कराएं तथा बंदरों के जमावड़े वाले क्षेत्रों की सूचना नगर निगम को उपलब्ध कराएं, जिससे आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से की जा सके।
