
शिवराज यादव / हरिद्वार। साइबर ठगी के एक मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को उसकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। साइबर ठगों ने WhatsApp पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करवाकर पीड़ित का मोबाइल फोन हैक कर लिया और उसके बैंक खाते से ₹47,700 की धनराशि निकाल ली। हालांकि, पीड़ित की तत्परता और साइबर क्राइम सेल से समय पर संपर्क करने के चलते पुलिस ने पूरी धनराशि वापस कराने में सफलता प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार, 04 जून 2026 को पीड़ित ने WhatsApp पर प्राप्त एक APK फाइल डाउनलोड कर ली थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और साइबर ठगों ने बैंक खाते से ₹47,700 की रकम निकाल ली। ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम सेल से संपर्क किया।
पीड़ित की त्वरित शिकायत पर साइबर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए संबंधित खाते में समय रहते धनराशि पर होल्ड लगवाया। हरिद्वार पुलिस के प्रयासों से पीड़ित के खाते से निकाली गई ₹47,700 की पूरी धनराशि वापस करा दी गई।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से की सतर्क रहने की अपील…
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबरों से प्राप्त APK फाइल डाउनलोड न करें और WhatsApp या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंकिंग डिटेल या निजी जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने कहा कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और आधिकारिक पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन को संदेश दिया है कि साइबर ठगी की स्थिति में समय पर शिकायत करना बेहद जरूरी है। आपकी तत्परता ही आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने में मददगार साबित हो सकती है।
