
शिवराज यादव / हरिद्वार / कनखल। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर मोबाइल झपट्टामारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से महिलाओं से छीने गए दो मोबाइल फोन और वेलकम फार्म, जगजीतपुर से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित पूर्व में भी कनखल और ज्वालापुर क्षेत्र में झपट्टामारी, लूट और चोरी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं और आदतन अपराधी हैं।
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 को कनखल थाना क्षेत्र की मंगलमूर्ति कॉलोनी और जमालपुर में बाइक सवार दो झपट्टामारों ने अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं के मोबाइल फोन छीन लिए थे। दोनों पीड़िताओं की तहरीर पर कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटनाओं के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी करते हुए आरोपितों की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में 23 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने माया विहार आम के बाग के पास निर्माणाधीन सड़क के अंडरपास से दो व्यक्तियों को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों का मिलान करने पर उनकी पहचान पीड़िताओं शालिनी और रेनू से छीने गए मोबाइल के रूप में हुई। वहीं, मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर की जांच करने पर उसके वेलकम फार्म, जगजीतपुर से चोरी होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सावेज पुत्र मर्तजिम निवासी गाडोवाली, टावर वाली गली, थाना पथरी और दानिश पुत्र कय्यूम निवासी गाडोवाली, काली बस्ती, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में की है। आरोपितों के कब्जे से वीवो Y28e 5G और वीवो Y19e मोबाइल फोन के साथ चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल अनुज सिंह, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी जगजीतपुर नवल किशोर गुप्ता, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह पाल, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल प्रलव चौहान, कांस्टेबल गजय तोमर और कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।
