
शिवराज यादव / हरिद्वार। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पंजाब के लुधियाना से बिछड़ी 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिला दिया। जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को दरगाह क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका संदिग्ध परिस्थितियों में घूमती हुई मिली। पुलिस ने बालिका को सुरक्षा की दृष्टि से थाने लाकर महिला डेस्क पर बाल कल्याण अधिकारी की निगरानी में पूछताछ की। बालिका ने अपना नाम और पिता का नाम बताते हुए स्वयं को लुधियाना, पंजाब का निवासी बताया, लेकिन वह अपने घर का पूरा पता नहीं बता पा रही थी। पुलिस ने बालिका से मिली जानकारी के आधार पर लुधियाना पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क कर उसके पते का सत्यापन कराया, जिसके बाद उसकी पहचान प्रताप सिंह वाला, नगरी, थाना हैबोवाल, लुधियाना (पंजाब) निवासी के रूप में हुई। इसके बाद स्थानीय थाने के माध्यम से परिजनों के संपर्क नंबर प्राप्त कर उनसे बातचीत कराई गई। परिजनों के थाने पहुंचने पर 20 नवंबर 2026 को बालिका को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सकुशल पाकर परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया। इस सराहनीय कार्य में हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी, हेड कांस्टेबल रविन्द्र बालियान और महिला कांस्टेबल सोफिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
