
शिवराज यादव / हरिद्वार / रुड़की। हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को रुड़की बस अड्डे से हिरासत में लिया। मामले में आरोपित के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली रुड़की क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि धर्मेंद्र पुत्र सुरेंद्र निवासी शक्ति विहार कॉलोनी, पाडली गुर्जर, कोतवाली गंगनहर ने उसे शादी का झांसा देकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंशु चौधरी को सौंपी।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 21 नवंबर 2026 को रुड़की बस अड्डे से आरोपित धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अंशु चौधरी और हेड कांस्टेबल दिनेश गुप्ता शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपित के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
