
राजकुमार / हरिद्वार / पथरी। थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम कटारपुर में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग के मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब चार घंटे के भीतर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए 112 नंबर पर खुद के ऊपर जानलेवा हमला होने की झूठी सूचना दी थी।
5 अक्टूबर 2026 को ग्राम कटारपुर में पुरानी रंजिश को लेकर अवैध असलाह से फायरिंग की घटना सामने आई थी। मामले में थाना पथरी पर अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस अधिकारियों को मामले का जल्द खुलासा करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद विवेचना में जुटी पुलिस टीम ने नामजद आरोपी अर्जुन पुत्र सुरेन्द्र, निवासी ग्राम कटारपुर, थाना पथरी, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बीते वर्ष विक्की और उसके साथियों द्वारा उसके ऊपर फायरिंग की गई थी, जिसके संबंध में न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने विक्की को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना के बाद पुलिस को भ्रमित करने के उद्देश्य से आरोपी ने 112 नंबर पर विक्की द्वारा दोबारा उसके ऊपर फायरिंग किए जाने की झूठी सूचना दी, ताकि पुलिस का शक उस पर न जाए।
पुलिस टीम ने आरोपी की गुमराह करने की कोशिश को नाकाम करते हुए घटनास्थल और पूरे मामले की गहनता से जांच की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच के आधार पर पुलिस ने घटना का सही खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 315 बोर का एक तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक मोहन कठैत, चौकी प्रभारी फेरूपुर, कांस्टेबल नरेश बहुगुणा, कांस्टेबल रविन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल सोहन राणा, कांस्टेबल अनिल पंवार और कांस्टेबल सुबोध शर्मा शामिल रहे।
