
गुरप्रीत सिंह कालरा / हरिद्वार। अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन की उत्तराखंड इकाई का प्रांतीय अधिवेशन एवं वरिष्ठ संपादक सम्मान समारोह का आयोजन (कल) मंगलवार को प्रेस क्लब सभागार में होगा। पत्रकारों की समस्याओं और बदलते मीडिया परिदृश्य में समाचार पत्रों की भूमिका को लेकर अधिवेशन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा ने बताया कि अधिवेशन में राज्य के साप्ताहिक, पाक्षिक और मासिक समाचार पत्रों से जुड़े 250 से अधिक संपादकों के शामिल होने की उम्मीद है। छोटे और मध्यम समाचार पत्रों से जुड़े पत्रकारों की समस्याओं और बदलते मीडिया परिदृश्य में समाचार पत्रों की भूमिका को लेकर अधिवेशन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि अधिवेशन में पत्रकारों के कल्याण कोष और पेंशन योजना को लेकर प्रस्तावों पर विशेष चर्चा होगी। इसके अलावा समाचार पत्रों की अधिमान्यता संबंधी समस्याओं, छोटे समाचार पत्रों को मिलने वाले सरकारी विज्ञापनों तथा उनके सामने आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महादेव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, महानिदेशक सूचना एवं लोकसंपर्क बंशीधर तिवारी, उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरजीत सिंह गांधी तथा गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।
अधिवेशन में पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान दे रहे वरिष्ठ संपादकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। संगठन का कहना है कि सम्मान समारोह का उद्देश्य समाचार पत्रों के माध्यम से लंबे समय से जनसरोकारों को उठाने वाले वरिष्ठ संपादकों के योगदान को सम्मान देना है।
अधिवेशन में पारित होने वाले प्रस्तावों को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष रखने की दिशा में भी संगठन की ओर से पहल किए जाने की बात कही गई है। ऐसे में हरिद्वार में होने वाला यह आयोजन प्रदेश के छोटे और मध्यम समाचार पत्रों से जुड़े संपादकों के लिए अपनी समस्याओं और मांगों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है।
