
राजकुमार / हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना खानपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को ग्राम गिद्दावाली से हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 02 अगस्त 2026 को ग्राम गिद्दावाली, खानपुर निवासी वादिया ने थाना खानपुर में तहरीर देकर बताया था कि आरोपी दीपक आदि ने उसके पति व परिजनों पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियारों से हमला किया तथा मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर थाना खानपुर में मु.अ.सं. 219/26, बनाम दीपक आदि के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एवं फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी की कार्रवाई भी की। वहीं, नामजद आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
28 अगस्त 2026 की देर शाम पुलिस ने नामजद आरोपी दीपक पुत्र सोमपाल, निवासी ग्राम गिद्दावाली कला, थाना कोतवाली खानपुर, जनपद हरिद्वार को ग्राम गिद्दावाली से हिरासत में ले लिया। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय पूनिया, चालक जयपाल सिंह शामिल रहे।
