
शिवराज यादव / हरिद्वार / पथरी। पथरी थाना क्षेत्र में महिला से तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म और लूट की सनसनीखेज वारदात का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन के टूटे हुए पार्ट्स तथा पीड़िता से लूटे गए झुमके भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 की रात महिला अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान चार आरोपी घर में घुस आए और तमंचे के बल पर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला के कानों के झुमके लूटकर फरार हो गए।
घटना के अगले दिन 8 जुलाई को पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना पथरी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। 14 जुलाई को मुखबिर की सटीक सूचना पर पथरी जंगल के पास से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम (24 वर्ष), शेखर (22 वर्ष), अरुण (23 वर्ष) निवासी ग्राम दुर्गागढ़, थाना पथरी तथा विकास (25 वर्ष) निवासी ग्राम महाखड़ी, थाना सयाना, जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक अवैध चाकू, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटे गए एक जोड़ी झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से और बैटरी बरामद की है। बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 319/2026 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना पथरी के थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी फेरूपुर विपिन कुमार, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
