
राजकुमार / हरिद्वार / बहादराबाद। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार-2026’ के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशीली दवाओं की तस्करी में लिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 480 नशीले कैप्सूल, 1200 प्रतिबंधित टैबलेट और एक बलिनो कार बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 29 जून को गश्त एवं चेकिंग के दौरान पीपल चौक से आगे नहर पटरी रोड पर संदिग्ध बलिनो कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से नशीली दवाओं की खेप बरामद होने पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनका सिडकुल क्षेत्र में मेडिकल स्टोर है। सिडकुल क्षेत्र में मजदूरों के बीच नशीली दवाओं और इंजेक्शन की मांग अधिक होने के कारण लालच में आकर उन्होंने यह अवैध कारोबार शुरू किया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इस्लाम पुत्र शादी एवं सद्दाम पुत्र रियाज, निवासी ग्राम गढ़, कोतवाली रानीपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
आरोपितों के कब्जे से NRX Dicyclomine Hydrochloride, Tramadol Hydrochloride एवं Acetaminophen Capsules (PROXIOHM-SPAS) के 02 डिब्बों में कुल 480 कैप्सूल, NRX Alprazolam Tablets I.P. 0.5 mg के 2 डिब्बों में कुल 1200 टैबलेट और एक मारुति बलिनो कार बरामद हुए।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह, कांस्टेबल सतेन्द्र चौधरी, कांस्टेबल बलवन्त सिंह शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि जनपद में नशीले पदार्थों और नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
