
राजकुमार / हरिद्वार / भगवानपुर। हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर भगवानपुर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में दो फरार आरोपियों के घर पहुंचकर ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा (प्रोक्लेमेशन) की कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को भगवानपुर क्षेत्र स्थित होटल धरोहर में कलीम नामक युवक की कथित रूप से होटल संचालकों द्वारा मारपीट किए जाने से मौत हो गई थी। इस संबंध में कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 दर्ज किया गया था। मामले में धारा 103(1), 115(2), 127(2), 352, 238(1), 61(2) एवं 315 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस इस मामले में पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज चुकी है। वहीं नामजद आरोपी अर्पित पुत्र प्रवीण चौहान तथा ऋषिकेश सिंह पुत्र रमेश सिंह, दोनों निवासी खुब्बनपुर, कोतवाली भगवानपुर, गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहे हैं।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश देने के बावजूद उनके हाथ नहीं लगने पर पुलिस ने माननीय न्यायालय रुड़की से प्राप्त आदेश के तहत धारा 84 बीएनएसएस (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) के अंतर्गत कार्रवाई की। बुधवार को पुलिस टीम दोनों आरोपियों के निवास स्थानों पर पहुंची और ढोल-नगाड़ों के साथ उद्घोषणा कर उन्हें न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया।
पुलिस ने उद्घोषणा के माध्यम से आमजन को भी सूचित किया कि यदि आरोपी न्यायालय द्वारा निर्धारित अवधि के भीतर उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके विरुद्ध नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई, जिसमें संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया भी शामिल हो सकती है, अमल में लाई जाएगी।
