
राजकुमार / हरिद्वार / लक्सर। जनपद के लक्सर क्षेत्र में खाद्य आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण करते हुए बड़ी कार्रवाई की। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने विभिन्न पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान राम राणा फिलिंग स्टेशन (हबीबपुर कुंडी), एमवी फिलिंग स्टेशन (नमारा हबीबपुर कुंडी) और रायसी डीजल सेंटर (रायसी) में कई खामियां पाई गईं। टीम ने मौके पर व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक निर्देश जारी किए।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित मानकों के अनुसार मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें। साथ ही आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए पर्याप्त ईंधन स्टॉक बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को लेकर संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मदन रावत, दिवेश कुमार शर्मा और तोशनाथ शर्मा भी मौजूद रहे।
