
राजकुमार / हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला पूर्ति विभाग द्वारा गैस की कालाबाजारी और घटतौली के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को की गई छापेमारी के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों में कम गैस पाए जाने पर दो वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि भारत सरकार के आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राकृतिक गैस (आपूर्ति विनियमन) आदेश 2026 के अनुपालन में टीम द्वारा क्षेत्र निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रोशनाबाद स्थित सत्य इंडेन गैस सर्विस के दो पूर्ति वाहन नवोदय नगर चौक पर गैस वितरण करते पाए गए।
जांच में दोनों वाहनों में कुल 68 घरेलू गैस सिलेंडर मिले, जिनका वजन कराने पर 18 सिलेंडर मानक से कम पाए गए। टीम ने सभी 18 सिलेंडरों को जब्त कर शिवालिक नगर स्थित श्री बालाजी भारत गैस सर्विस के सुपुर्द कर दिया।
इस मामले में वाहन चालक विकास कुमार और नवीन कुमार निवासी जगजीतपुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही एजेंसी स्वामी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित छापेमारी कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस कार्रवाई में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी देव चंद, पूर्ति निरीक्षक प्रकाश और अरुण सैनी सहित विभागीय टीम मौजूद रही।
