
राजकुमार / हरिद्वार / सिडकुल। हरिद्वार पुलिस ने सिडकुल क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस प्रकरण में चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार 05 मार्च को वादी प्रमोद पाल की तहरीर पर थाना सिडकुल पुलिस में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि राजीव और उसके साथियों ने एक राय होकर लाठी, डंडे और तलवार से लैस होकर वादी के घर में घुसकर उनके और परिवार के साथ मारपीट की, गाली-गलौच की और जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर भी किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 09 मार्च को फरार आरोपी शिवा गोस्वामी पुत्र सुनील कुमार गिरी निवासी मुल्की नगर, थाना सिडकुल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र तोमर, उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
