
शिवराज यादव / हरिद्वार। होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए दूध और पनीर सप्लाई करने वाले वाहनों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे से शुरू हुए इस अभियान में वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।
भगवानपुर पुलिस चौकी और कनखल क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने खुले दूध के 03 और पनीर के 02 नमूने लेकर कुल 05 सैंपल जांच के लिए सील किए। सभी नमूनों को जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है।
जांच के दौरान 03 सप्लायर्स के लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज अधूरे पाए गए। इसके अलावा वाहनों में तापमान नियंत्रण व्यवस्था में भी अनियमितता सामने आई। विभाग की ओर से संबंधित सप्लायर्स को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सभी सप्लायर्स को वाहनों पर लाइसेंस प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की ओर से होली तक ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
